फरीदाबाद।(ANURAG SHARMA) बिजली कर्मचारियों की हड़ताल के चलते IMT फरीदाबाद में बिजली संकट गंभीर हो गया है। गुरुवार रात 10 बजे के बाद ही धीरे-धीरे औद्योगिक इकाइयों की बिजली जाना शुरू हो गई और शुक्रवार दोपहर तक IMT के कुल छह सब-स्टेशनों में से तीन सब-स्टेशन बंद हो गए, जिसके कारण लगभग आधे औद्योगिक क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।इस गंभीर स्थिति को देखते हुए IMT इंडस्ट्रीज एसोसिएशन फरीदाबाद (IIAF) के प्रधान प्रमोद राणा ने आपातकालीन बैठक बुलाई, जिसमें लगभग 100 उद्योगपतियों एवं उद्यमियों ने भाग लिया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जिला उपायुक्त (DC) से मिलकर समस्या का तत्काल समाधान मांगा जाए। इसके बाद उद्योगपतियों के प्रतिनिधिमंडल ने DC से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
इस बैठक में मुख्य रूप से देवेंद्र गोयल (ट्रेज़रर), डी. पी. यादव (चेयरमैन), ब्लॉक लीडर अमित खन्ना, मिल्खराज सिंह, सुभाष नगर, राजेश गाई, पुनीत गुप्ता, पंकज गुप्ता और पवन गुप्ता सहित अनेक प्रमुख उद्योगपति उपस्थित रहे।
उद्योगपतियों ने मांग की कि बिजली के फॉल्ट ठीक करने के लिए संबंधित लाइनों के अनुभवी एवं योग्य निजी तकनीकी विशेषज्ञों को अनुमति दी जाए, ताकि बिजली व्यवस्था को जल्द से जल्द सुचारु किया जा सके। साथ ही, बिजली आपूर्ति बनाए रखने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने का भी आग्रह किया गया।प्रमोद राणा ने कहा कि दिवाली का सीजन नजदीक है और उद्योगों को अपने निर्धारित उत्पादन एवं सप्लाई टारगेट पूरे करने हैं। IMT में अधिकांश इकाइयां MSME श्रेणी की हैं, जो बड़ी कंपनियों एवं OEM को प्रतिदिन के आधार पर सामान की आपूर्ति करती हैं। यदि बिजली संकट के कारण सप्लाई चेन बाधित होती है, तो इन इकाइयों को ऑर्डर गंवाने, ब्लैकलिस्ट होने और भविष्य का कारोबार प्रभावित होने का गंभीर खतरा है। किसी बड़ी कंपनी की सप्लाई चेन से ब्लैकलिस्ट होना किसी भी MSME के व्यापार की कमर तोड़ सकता है।
उद्योगपतियों ने प्रशासन से अपील की कि इस समस्या को केवल बिजली आपूर्ति का मामला न मानकर औद्योगिक उत्पादन, रोजगार और MSME इकाइयों के अस्तित्व से जुड़ा विषय समझते हुए तत्काल कार्रवाई की जाए।
DC ने दिया हरसंभव मदद का आश्वासन
उद्योगपतियों की समस्याओं को सुनने के बाद DC ने आश्वासन दिया कि प्रशासन हरसंभव सहायता करेगा। उन्होंने एसोसिएशन से बिजली के फॉल्ट ठीक करने में सक्षम योग्य एवं अनुभवी तकनीकी विशेषज्ञों की सूची उपलब्ध कराने को कहा और आश्वस्त किया कि नियमानुसार आवश्यक अनुमति प्रदान करने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी, ताकि बिजली व्यवस्था को सुचारु बनाने में मदद मिल सके।
एसोसिएशन ने उम्मीद जताई कि प्रशासन के सहयोग से जल्द समाधान निकलेगा और IMT फरीदाबाद की औद्योगिक गतिविधियों को बड़े नुकसान से बचाया जा सकेगा।


