फरीदाबाद (अनुराग शर्मा): वार्ड नंबर 32 की भुड कॉलोनी में आज सुबह से ही बिजली गुल रहने के कारण स्थानीय निवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। पानी की किल्लत और उमस भरी गर्मी से बेहाल जनता की सुध लेने के लिए वार्ड 32 के पार्षद विनोद भाटी तुरंत एक्शन में आए।कॉलोनी की गंभीर स्थिति को देखते हुए पार्षद विनोद भाटी सुबह ही अपने साथियों और पीड़ित निवासियों के साथ सेक्टर 31 स्थित बिजली बोर्ड कार्यालय (सब-स्टेशन) पहुंचे। वहां उन्होंने मौजूद अधिकारियों और तकनीकी स्टाफ से मुलाकात की और बिजली ठप होने का कारण जाना। पार्षद विनोद भाटी ने अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनता को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान नहीं होने दिया जाएगा।पार्षद के इस कड़े रुख और तत्परता के बाद बिजली विभाग के कर्मचारी तुरंत हरकत में आए। विनोद भाटी ने खुद मौके पर खड़े होकर तकनीकी खराबी को दूर करवाया और भुड कॉलोनी की बंद पड़ी लाइट को दोबारा चालू करवाया। बिजली सप्लाई बहाल होने पर वार्ड 32 के निवासियों ने राहत की सांस ली और अपने पार्षद विनोद भाटी के इस त्वरित प्रयास की सराहना की। इस मौके पर उनके साथ कई स्थानीय साथी और जागरूक नागरिक भी मौजूद रहे।


